गाजीपुर
नए स्थल पर शराब दुकान का विरोध, माहौल खराब होने की जताई आशंका
सादात (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के मजुई गांव में देशी शराब की दुकान को नए स्थान पर खोले जाने का ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। बुधवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण शादियाबाद-बहरियाबाद मार्ग पर एकत्रित होकर प्रस्तावित स्थल पर दुकान न खोले जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि यह दुकान वर्षों से मजुई चौराहा से सादात जाने वाली सड़क पर संचालित होती रही है, इसलिए इसे उसी स्थान पर बनाए रखा जाए। उनका आरोप था कि नए स्थान पर दुकान खुलने से क्षेत्र का वातावरण प्रभावित होगा।
दूसरी ओर, सेल्समैन दिनेश कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि अनुज्ञापी दुर्गावती देवी के नाम से आवंटित इस दुकान के लिए आबकारी विभाग में नए स्थान का अभिलेख प्रस्तुत किया गया है, जिसे विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है। विरोध की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान को बंद कराते हुए सेल्समैन को आवश्यक कागजात के साथ थाने बुलाया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में ग्रामवासी रोशन कुमार, राकेश यादव, मुन्ना राम, संतोष, रामबचन, आशा देवी, राधिका, मुन्नी, किरन, शांति, सुशील, बी.के. भारती, मनीष, नंदू राम, सिकंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में नए स्थान पर देशी शराब की दुकान खोले जाने का विरोध जताया।
