पूर्वांचल
देवोत्थान एकादशी पर आज निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, घर-घर होगा तुलसी विवाह
गाजीपुर। देवोत्थान एकादशी का पर्व आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन भगवान श्री हरि योग निद्रा से जागेंगे और घर-घर में तुलसी विवाह का आयोजन होगा। सोमवार को नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक श्रद्धालुओं ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बाजारों में ईख और शकरकंद की खरीदारी करते श्रद्धालुओं से रौनक रही।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली इस एकादशी को तुलसी और शालिग्राम का विवाह होता है। सुबह से ही लोग अपने घरों की साफ-सफाई में जुटे रहे। देवोत्थान एकादशी पर प्रसाद के रूप में ईख और शकरकंद चढ़ाया जाता है। इसी को लेकर सिंचाई विभाग चौराहा, मिश्रबाजार, लंका, चीतनाथ और रौजा के बाजारों में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की।
आज देवोत्थान एकादशी पर घरों से लेकर मंदिरों तक भगवान विष्णु को शंख, डमरू, मृदंग, झाल और घंटी बजाकर योग निद्रा से जगाया जाएगा। वैष्णव परंपरा के अनुसार साधु-संत इस दिन व्रत रखेंगे। मान्यता है कि इस व्रत से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का घर में वास होता है और अकाल मृत्यु का भय समाप्त हो जाता है। श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की कुशलता की प्रार्थना करेंगे।
