राज्य-राजधानी
देवरिया : माघ मेला के लिए 10 जनवरी से प्रयागराज को चलेंगी 72 बसें
देवरिया। माघ मेले में प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। 10 जनवरी से देवरिया से प्रयागराज के लिए 72 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
माघ मेले की शुरुआत चार जनवरी से हो रही है और यह एक फरवरी तक चलेगा। इसे ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने बसों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली है। जिले से कुल 72 बसें मेले के लिए भेजी जाएंगी। इनमें से आठ बसें प्रयागराज शहर के भीतर शटल सेवा के रूप में संचालित होंगी, जबकि शेष 64 बसें देवरिया–प्रयागराज और प्रयागराज–देवरिया मार्ग पर माघ माह के दौरान चलेंगी। यह विशेष बस सेवा 10 जनवरी से शुरू होगी। तब तक श्रद्धालु प्रयागराज के लिए नियमित बस सेवा का उपयोग करेंगे।
माघ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कल्पवास के लिए प्रयागराज पहुंचते हैं और एक माह तक वहीं निवास करते हैं। कुछ श्रद्धालु मकर संक्रांति स्नान से लेकर अमावस्या या वसंत पंचमी तक मेले में ठहरते हैं, जबकि अधिकांश लोग प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति और अमावस्या पर स्नान करने के लिए जाते हैं।
