अपराध
दुस्साहसी बदमाशों ने दरोगा को मारी गोली, सरकारी पिस्टल लूटा
रिपोर्ट – मनोकामना सिंह
वाराणसी। रोहनिया के जगतपुर इलाके में मंगलवार को दुस्साहसी बदमाशों ने एक दरोगा को गोली मार कर उनकी सरकारी पिस्टल लूट ली। दरोगा को गोली मार कर पिस्टल लूटे जाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर वारदात की जांच कर रही है। वहीं, गोली लगने से घायल दरोगा को रोहनिया क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
*बाइक सवार 3 बदमाश असलहा लहराते हुए भागे*
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के लक्सा थाने में दरोगा अजय यादव तैनात हैं। बताया जाता है कि वह किसी काम से रोहनिया थाना के जगतपुर क्षेत्र में गए हुए थे। उसी दौरान 3 बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर उनकी सरकारी पिस्टल लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। असलहे से निकली गोली दरोगा के सीने में दायीं ओर लगी है। सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने उन्हें क्षेत्र के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौके पर पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश सहित कई थानों के फोर्स पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। व्याप्त चर्चा के अनुसार बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर हेलमेट लगाए हुए थे जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि सभी अधिकारी बदमाशों को पकड़ने में जुट गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार अभी दरोगा अजय यादव की स्थिति गंभीर बताई गई है।
