वाराणसी
दिल्ली से वाराणसी आ रही फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट, मौसम की बेरुखी से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
वाराणसी। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान 6E-6741 को खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। गुरुवार को सुबह 4:45 बजे यह विमान दिल्ली से रवाना हुआ और निर्धारित समय पर सुबह 5:45 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचा। यहां उतरने की अनुमति के लिए संपर्क किया गया, लेकिन रनवे पर दृश्यता कम होने के कारण लैंडिंग की इजाजत नहीं मिल सकी।
बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मौसम खराब होने के चलते विमान को कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाना पड़ा। करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बावजूद मौसम सामान्य नहीं हो सका। इस दौरान ईंधन की स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ की ओर मोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यह उड़ान इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo) की थी, जो दिल्ली से वाराणसी के लिए संचालित की जा रही थी। विमान के डायवर्जन के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और कई यात्रियों को अपने आगे के कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा।
बाद में जब वाराणसी में मौसम में सुधार हुआ और दृश्यता सामान्य हुई, तो विमान को पुनः वाराणसी के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। खराब मौसम के कारण हुए इस बदलाव से कुछ समय के लिए हवाई यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति सामान्य होते ही उड़ानों का संचालन फिर से सुचारू कर दिया गया।
