अपराध
दिनदहाड़े ताला तोड़कर लाखों की चोरी
वाराणसी। जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के शांति विहार अपार्टमेंट में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई जिसमें चोरों ने ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चुरा लिए। घटना के दौरान पीड़ित परिवार किसी काम से चंदौली गया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, वशिष्ठ श्रवण सिंह शांति विहार कॉलोनी में रहते हैं और एक फार्मास्यूटिकल कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। सुबह 8:30 बजे अपनी पत्नी के साथ जरूरी काम से बाहर गए थे। दोपहर करीब 2:00 बजे वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है।
उन्होंने बताया कि चोरों ने मेज के ड्रावर से सोने की दो अंगूठियां, एक चेन और चांदी के पांच जोड़े पायल समेत लगभग 3 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।
इस घटना की सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी कहा कि सोसाइटी द्वारा मासिक मेंटेनेंस शुल्क लेने के बावजूद कई महीनों से सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा है जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
