गोरखपुर
तेंदुए का आतंक, रेस्क्यू के दौरान WTI अधिकारी घायल, गांवों में फैली दहशत
गोरखपुर। महाराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र में तेंदुए की दहशत से हड़कंप मचा हुआ है। खेत में फंसे तेंदुए को रेस्क्यू कर पकड़ने पहुंची वन विभाग और वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) की संयुक्त टीम पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में WTI के प्रोजेक्ट हेड अरशद हुसैन घायल हो गए। उन्हें तत्काल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और खतरे से बाहर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निचलौल क्षेत्र के सिरसी गांव और आसपास के इलाकों में बीते कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही थीं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल था। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे खेत में तेंदुए के फंसे होने की सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस और WTI की 8 से 10 सदस्यों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक तेंदुए को जाल में फंसा लिया था और उसे लोहे के पिंजरे में सुरक्षित करने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ने और अव्यवस्था के कारण जाल ढीला पड़ गया, जिसका फायदा उठाकर तेंदुआ अचानक निकलकर खेत की ओर भाग गया। भागते समय तेंदुए ने पीछे से WTI अधिकारी अरशद हुसैन पर झपट्टा मार दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद टीम के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद तेंदुआ जंगल की ओर फरार हो गया। इस घटना से निचलौल क्षेत्र के बेलहिया सहित आसपास के कई गांवों में दहशत फैल गई है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं और खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
वन विभाग और पुलिस की टीमें लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, रेस्क्यू या सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
