गोरखपुर
ड्राइवर को बहाने से हटाकर ट्रॉली और ईंटें ले उड़े चोर
गोरखपुर। जिले के गुलरिया थाना क्षेत्र में चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी। बेखौफ बदमाशों ने खड़े ट्रैक्टर से ट्रॉली अलग कर उसमें लदी ईंटों सहित फरार हो गए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज जनपद के पनियरा निवासी अजय प्रताप का ट्रैक्टर गुलरिया क्षेत्र में खड़ा था, जिसमें ईंटों से भरी ट्रॉली जुड़ी हुई थी। देर रात कुछ अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक से बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने चालक को झांसे में लेते हुए कहा कि उन्हें रास्ता दिखा दें, बाद में ईंट गिरवा दी जाएगी।
चालक उनके झांसे में आ गया और दो युवकों के साथ रास्ता दिखाने चला गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अन्य बदमाशों ने ट्रैक्टर से ट्रॉली को अलग किया और ईंटों सहित लेकर फरार हो गए। जब चालक वापस लौटा तो ट्रैक्टर तो वहीं खड़ा मिला, लेकिन ट्रॉली और उस पर लदी ईंटें गायब थीं।
घटना का पता चलते ही चालक ने तत्काल मालिक अजय प्रताप को सूचना दी। बताया जा रहा है कि चोरों ने बातचीत के दौरान एक मोबाइल नंबर भी दिया था, जो अब स्विच ऑफ बताया जा रहा है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई है।
सूचना मिलते ही गुलरिया पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही चोरी गई ट्रॉली और ईंटों को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
