Connect with us

वाराणसी

डेढ़ साल के बेटे को खेलता छोड़ विवाहिता ने की आत्महत्या

Published

on


वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में मंगलवार को गांव की एक 21 वर्षीय विवाहिता राजनंदिनी गुप्ता ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को सास के पास खेलता छोड़ खुद को फंदे से लटका लिया। सास के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के राजगढ़ निवासी राजनंदिनी गुप्ता की शादी तीन वर्ष पूर्व फरीदपुर गांव के आदित्य गुप्ता से हुई थी। आदित्य गुप्ता बनारस में दुकान चलाते हैं और प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी दुकान पर गए हुए थे। घर पर राजनंदिनी, उनकी सास मंजू देवी और डेढ़ साल का बेटा मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि दोपहर के समय मंजू देवी घर के आंगन में पोते के साथ खेल रही थीं, जबकि बहू राजनंदिनी अपने कमरे में थी। काफी देर तक राजनंदिनी बाहर नहीं आयी तो मंजू देवी ने उसे कई बार आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर मंजू देवी जब कमरे में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। राजनंदिनी पंखे के सहारे फंदे पर लटक रही थी।

मंजू देवी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तुरंत इसकी सूचना रोहनिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Advertisement

इस संबंध में रोहनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। लोग अब तक यह समझ नहीं पा रहे हैं कि राजनंदिनी ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa