वाराणसी
डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने अपार्टमेंट से कूदकर दी जान
वाराणसी। जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल जेल मार्ग पर बने अवध अपार्टमेंट में रविवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी की पत्नी 50 वर्षीय सीमा सिन्हा ने सातवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना भोर करीब चार बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक सीमा सिन्हा पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन की बीमारी से जूझ रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। बावजूद इसके उनकी मानसिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
सीमा के पति पंकज कुमार, जो सुल्तानपुर में बंदोबस्त अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को समय-समय पर चिकित्सकीय सहायता दी जाती रही, लेकिन उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय की ओर ध्यान आकर्षित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते सही उपचार और सहयोग मिलने पर ऐसे मामलों को रोका जा सकता है। वहीं, यह घटना समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि आसपास के लोगों की मानसिक स्थिति को समझना और उनकी मदद के लिए आगे आना बेहद जरूरी है।
