गाजीपुर
ट्रेन पकड़ते समय महिला यात्री का मोबाइल गुम
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के बीच एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री का मोबाइल चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता शाहनाज परवीन पत्नी हबीब अहमद, बीएलओ-146, इस्लामिया प्राथमिक विद्यालय मुहम्मदाबाद में तैनात हैं।
पीड़िता के अनुसार 28 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 8:40 बजे वह सद्भावना एक्सप्रेस से इलाज कराने वाराणसी जा रही थीं। जैसे ही ट्रेन यूसुफपुर स्टेशन पर पहुंची और वह डिब्बे में चढ़ने लगीं, उसी दौरान अज्ञात चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके पर्स से मोबाइल निकाल लिया।
कुछ देर बाद पति के मोबाइल से कॉल करने पर फोन कटता रहा और बाद में स्विच ऑफ हो गया। चोरी गया मोबाइल OPPO A73 4G बताया गया है। जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मुहम्मदाबाद कोतवाली को दे दी गई है, लेकिन मोबाइल न मिलने से बीएलओ व आंगनबाड़ी से जुड़े सरकारी ऐप्स भी बाधित हो गए, जिससे पीड़िता मानसिक तनाव में हैं।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से प्रार्थना पत्र भेजकर मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर सर्विलांस पर लगवाने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
