गोरखपुर
ट्रेन की चपेट में आकर मां-बेटी की मौत, दूसरी बच्ची घायल
गोरखपुर। रविवार को शाम करीब 4:30 बजे गोरखपुर शहर में एक हृदयविदारक रेल हादसा हो गया। गोरखनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियां मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेन के बीच फंस गईं। इस दर्दनाक हादसे में महिला और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान सावित्री यादव (32 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके साथ उनकी दो बेटियां शिया यादव (8 वर्ष) और कनक यादव (7 वर्ष) थीं। हादसे में सावित्री यादव और शिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कनक गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय तीनों रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, उसी दौरान एक ट्रैक पर मालगाड़ी खड़ी अथवा धीमी गति से गुजर रही थी। इसी बीच दूसरे ट्रैक पर तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। दोनों ट्रेनों के बीच फंसने के कारण यह भीषण हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही गोरखनाथ पुलिस और रेलवे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल बच्ची के इलाज की व्यवस्था कराई। रेलवे पुलिस द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षित पार मार्ग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
