वाराणसी
ट्रक में पीछे से भिड़ा ट्रेलर, चालक की मौत, खलासी घायल
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड़िया गांव स्थित वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीमेंट लदा एक ट्रक टायर फटने के कारण असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पश्चिम बंगाल से लोहे की चादर लादकर उड़ीसा जा रहा एक ट्रेलर पीछे से अनियंत्रित होकर उक्त ट्रक में जा भिड़ा।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक, राजस्थान के अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के वाडका निवासी ताहिर खान (38 वर्ष), को झपकी आ गयी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का चालक और खलासी केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत कर ट्रेलर के केबिन में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला और इलाज हेतु एम्बुलेंस से भदोही जनपद के औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
जहां डॉक्टरों ने ट्रेलर चालक ताहिर खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि खलासी इलियास खान की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक ताहिर खान चार पुत्रों और एक पुत्री का पिता था तथा ट्रेलर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
