Connect with us

गोरखपुर

झाड़ियों में मिला बुजुर्ग का शव, इलाके में मचा हड़कंप

Published

on

Loading...
Loading...

शिनाख्त के प्रयास जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर 15 मील चौराहे के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे कुछ किशोर बकरी चराने के लिए झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक बुजुर्ग के शव पर पड़ी। पहले तो वे घबरा गए, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी प्रभारी विवेक अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष आंकी जा रही है।

चौकी प्रभारी विवेक अवस्थी ने बताया कि मृतक बुजुर्ग विक्षिप्त अवस्था में प्रतीत हो रहे थे और प्रारंभिक तौर पर शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

Advertisement

पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई है और आसपास के थानों तथा चौकियों को भी सूचना भेज दी गई है, ताकि यदि कहीं से किसी गुमशुदा बुजुर्ग की रिपोर्ट दर्ज हो तो उसकी पहचान कराई जा सके। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि बुजुर्ग पिछले कई दिनों से इलाके में घूमते हुए देखे गए थे, जबकि कुछ का कहना है कि वह बाहर से आए हो सकते हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस बुजुर्ग के संबंध में कोई जानकारी हो या किसी गुमशुदा व्यक्ति से मिलती-जुलती पहचान लगती हो, तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को सूचित करें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page