जौनपुर
जौनपुर में ‘महाशक्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज’ की नई शाखा का भव्य उद्घाटन

जौनपुर। जिले के बदलापुर में गति प्रवाह माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड की उप-शाखा का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। इस मौके पर महाशक्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी मनीष सिंह ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य लघु उद्योगों को बढ़ावा देना और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करना है। उन्होंने यह भी साझा किया कि 2027 तक महाशक्ति ग्रुप करीब 1000 कर्मचारियों के साथ देशभर में अपने विस्तार की योजना बना रहा है।
मनीष सिंह ने बताया कि महाशक्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज वर्तमान में 11 राज्यों में कार्यरत है और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रहा है। जैविक खाद के उत्पादन से लेकर उचित मूल्य पर किसानों तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए देशभर में पौधों की नर्सरियां तैयार की जा रही हैं और किसानों को निःशुल्क वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रीजनल मैनेजर आंचल ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की कंपनियों के खुलने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। गरीबों और असहाय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे, साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समूह के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर संतोष मिश्रा, सर्वेश कुमार सिंह, लाल बहादुर सोनी, सुरेश प्रजापति, विकास गुप्ता, मनोज पांडे, मोहम्मद इरशाद सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।