Connect with us

वाराणसी

जिला जज संग डीएम ने किया कचहरी परिसर का औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मानसून की शुरुआत के साथ ही वाराणसी प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को जिला जज जयप्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से वाराणसी कचहरी परिसर का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण खास तौर पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या, सफाई व्यवस्था और जलनिकासी को लेकर किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गेट नंबर एक, दो, तीन, जिला पंचायत भवन, अधिवक्ता भवन और अन्य प्रमुख स्थलों का स्थलीय दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां नालियां जाम हैं, वहां तत्काल सफाई करवाई जाए। जो नालियां खुली हुई हैं, उन्हें पटिया या लोहे की जाली से ढंका जाए ताकि दुर्घटनाओं की आशंका न रहे। गेट नंबर तीन के पास बह रहे नाले की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उसे जलकल और नगर निगम द्वारा ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

Loading...

जिला जज जयप्रकाश तिवारी ने कहा कि कचहरी परिसर की नालियों को मुख्य सीवेज लाइन से जोड़ने की आवश्यकता है ताकि जलनिकासी का स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि पारंपरिक पटियों के स्थान पर लोहे की जाली लगाई जाए जिससे सफाई भी आसान हो और दृश्यता भी बनी रहे।

इस निरीक्षण के दौरान वाराणसी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी अधिवक्ताओं को हो रही समस्याओं को साझा किया, जिनके त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। मौके पर सीजेएम मनीष कुमार, एडीएम सिटी आलोक कुमार और अन्य प्रशासनिक, पुलिस तथा न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page