Connect with us

जौनपुर

जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर (जयदेश)। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, ओपीडी रजिस्टर और दवाओं के स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान दंत चिकित्सक डॉ. सर्वजीत अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

ओपीडी कक्ष में डॉ. अनुपम उपस्थित थे और उन्होंने अब तक 84 मरीजों को देखा था। जिलाधिकारी ने उनसे पूछा कि वर्तमान में किस तरह के मरीज अधिक आ रहे हैं, तो डॉ. अनुपम ने बताया कि इस समय बुखार, कफ और फंगल इंफेक्शन के मरीज अधिक संख्या में आ रहे हैं।

इसके बाद, जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली, और पाया कि यहां पर्याप्त दवाएं मौजूद हैं। उन्होंने एक्स-रे कराने आई दिव्या और डिलीवरी के लिए आई पूनम से सीएचसी में इलाज के संबंध में जानकारी ली।

लेबर वार्ड में स्टाफ नर्स आकांक्षा से पूछने पर उन्होंने बताया कि कल 24 डिलीवरी इस स्वास्थ्य केंद्र पर की गई हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने और मरीजों का अच्छे से इलाज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की और उनके कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Advertisement

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों का शत प्रतिशत निर्वहन करने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरीजों के बेडशीट समय से बदले जाएं और स्वास्थ्य केंद्र में सफाई बनी रहे।इस निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट बृजेश, स्टाफ नर्स सीमा, एक्स-रे टेक्नीशियन सविता, वार्ड बाय विनय और अनिल लैब टेक्नीशियन विकास समेत अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page