वाराणसी
जिलाधिकारी ने रैन बसेरों का किया औचक निरीक्षण
अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को नगर निगम को निर्देश
वाराणसी। भीषण ठंड के बीच सड़कों पर ठिठुरते लोगों की स्थिति जानने के लिए गुरुवार की रात जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर में औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सिकरौल, परमानंदपुर और पांडेयपुर चौराहे स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया तथा सड़कों के किनारे, विशेष रूप से पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने ठंड के मौसम में लोगों से सड़कों पर न रहने की अपील करते हुए कहा कि जिनके पास रहने की कोई व्यवस्था नहीं है, वे अपने नजदीकी रैन बसेरे में रात्रि विश्राम करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत भी की।
मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रैन बसेरों में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वच्छ बिस्तर उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था हर हाल में किए जाने को कहा।इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
