गोरखपुर
छात्रा से छेड़छाड़ का दुस्साहस, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कस्टडी में टूटा — हाथ जोड़कर मांगी माफी
गोरखपुर। गोला में छात्राओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोचिंग जा रही एक छात्रा का हाथ पकड़कर उसे गली के भीतर खींचने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और एंटी रोमियो स्क्वायड की तत्परता से आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।
गोला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोला नगर पंचायत में घटी। जानकारी के अनुसार, दो छात्राएं एक साथ पढ़ाई के लिए जा रही थीं। तभी पीछे से आए एक युवक ने अचानक एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन गली के अंदर खींचने लगा। अप्रत्याशित हमले से घबराई छात्रा ने साहस दिखाते हुए झटके से अपना हाथ छुड़ाया और जान बचाने के लिए दौड़ पड़ी। उसके साथ मौजूद दूसरी छात्रा कुछ कदम आगे बढ़ चुकी थी, पीछे मुड़कर देखा तो दृश्य देखकर सन्न रह गई।

छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से भाग निकला। पूरी वारदात किसी राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। शनिवार को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। बिना किसी औपचारिक शिकायत के भी पुलिस ने वीडियो को आधार बनाकर जांच शुरू की।
गांव के प्रधानों, स्थानीय सूत्रों और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की और रविवार को गोला क्षेत्र से उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में आरोपी का रुख पूरी तरह बदल गया। वह अपने कृत्य को स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा और बार-बार माफी मांगता रहा। आरोपी ने पुलिस से कहा कि उससे “भूल हो गई” और वह दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा।
फिलहाल पीड़ित छात्रा की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस स्पष्ट कर चुकी है कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसी घटनाओं में त्वरित व सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
