अपराध
चौबेपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट की घटना का किया सफल अनावरण, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
वाराणसी। चौबेपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट के मामले में वांछित चल रहे तीन शातिर अभियुक्तों को ग्राम सिवो, रिंग रोड के पास से शनिवार की सुबह 6 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन सभी अभियुक्तों के पास से लूट का 20500 रूपये नकद, 1 तमंचा, 2 कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार हुए अभियुक्तों में यशवंत सिंह, आशुतोष राय और निशान्त सिंह है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस इन सभी अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को अपर पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन ने 20000 रूपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्त ने बताया कि, अजय कुमार श्रीवास्तव के कार ड्राइवर यशवंत सिंह ने लूट की योजना बनाई थी। उसने बताया था कि मलिक सैदपुर,गाजीपुर से तगादा करके लौट रहे हैं। ड्राइवर ने सैदपुर गाजीपुर से कैथी टोल प्लाजा तक लोकेशन भी दिया था। फिर हम सब ने टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो गाड़ी से अजय कुमार श्रीवास्तव के गाड़ी को ओवरटेक करते हुए पनिहरी गांव के सामने हाइवे पर अपनी स्कॉर्पियों से अजय कुमार श्रीवास्तव की कार को टक्कर मारकर रोक लिया और रुपये से भरा बैग छीनकर भाग गये।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विद्या शंकर शुक्ला, उप निरीक्षक हर्षमणि तिवारी, पंकज कुमार राय, शशि प्रताप सिंह और कांस्टेबल सरोज शामिल रहें। जबकि एसओजी टीम में प्रभारी मनीष कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक विनोद कुमार विश्वकर्मा, गौरव कुमार सिंह और अरूण प्रताप सिंह शामिल रहें।
