चन्दौली
चहनियां चौराहे पर निर्माण कार्य बना जाम की जड़, लोग परेशान
चंदौली। चहनियां कस्बे में सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी की लापरवाही लोगों के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। बीते एक सप्ताह से चौराहे पर खोदे गए गड्ढे के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन, पुलिसकर्मी और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर रही एप्को कंपनी द्वारा बलुआ और धानापुर मार्ग पर नाली निर्माण के लिए चौराहे पर गड्ढा खोदकर उसे यूं ही छोड़ दिया गया है। इससे जहां एक ओर जलनिगम की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं तीन दिनों तक पूरे कस्बे और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप रही। पाइपलाइन तो दुरुस्त हो चुकी है, लेकिन जाम से राहत अब तक नहीं मिल पाई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मियों की लापरवाही और ढुलमुल रवैये के कारण सड़क की दुर्दशा लगातार बढ़ रही है। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी और क्षेत्रीय लोग इस चिलचिलाती धूप में घंटों जाम हटाने में जुटे रहते हैं।
कस्बावासियों का कहना है कि चौराहे से सैदपुर और सकलडीहा मार्ग पर डेढ़ सौ मीटर तक सड़क की हालत पहले से ही खराब है, जहां डेढ़ वर्ष पूर्व गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया था। अब चौराहे पर बने नए गड्ढे ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। व्यापारियों को भी आवागमन बाधित होने से खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होंगे।
