Connect with us

चन्दौली

चंदौली में सीएम योगी का आगमन आज, प्रशासन चौकस

Published

on

नगरवासियों ने कहा – हर महीने आएं मुख्यमंत्री, हमेशा दिखेगी सफाई

चंदौली। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का आगमन गुरुवार को जिला मुख्यालय पर हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उड़न खटोला दोपहर लगभग 1:30 बजे सन मैरिनो स्कूल के परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। तत्पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलेक्ट्रेट स्थित प्रांगण में पौधारोपण करेंगे। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर विकासपरक योजनाओं की प्रगति का हाल जानेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर जगदीशसराय से लेकर सैयदराजा विधानसभा के नौबतपुर तक बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाईकर्मियों ने सड़क के दोनों तरफ वर्षों से जमी सिल्ट और गंदगी की युद्धस्तर पर सफाई की। वहीं उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा द्वारा सर्विस रोड के दोनों तरफ अवैध अतिक्रमण व गिट्टी, बालू आदि को हटवाया गया।

Advertisement

जिला प्रशासन के स्वच्छता अभियान को देखकर लोगों में चर्चाओं का माहौल गर्म रहा। नगरवासियों का कहना था कि काश मुख्यमंत्री प्रत्येक माह जनपद का दौरा करते तो सड़क पर कहीं गंदगी नजर नहीं आती। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिस प्रकार से जिला प्रशासन अतिक्रमण हटाने के साथ ही वर्षों से जमी गंदगी की सफाई कर रहा है, इससे आमजन को राहत मिली है।

नगरवासियों का कहना था कि जनप्रतिनिधियों के आगमन के चलते स्वच्छता अभियान को लेकर जिला प्रशासन आज काफी सक्रिय दिख रहा है। इसी प्रकार माह में एक या दो बार भी इस प्रकार से सफाई अभियान चलाया जाए तो समस्या का समाधान हो जाएगा। नगरवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa