गाजीपुर
ग्रामीण क्षेत्रों में गैस संकट से इंडक्शन चूल्हों की बढ़ी मांग, बाजार से गायब
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज क्षेत्र व आसपास के ग्रामीण इलाकों में रसोई गैस की आपूर्ति में लगातार कमी के चलते आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर समय पर न मिलने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। जिसके कारण अब लोग वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं।
इसी क्रम में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है। बढ़ती मांग के चलते स्थानीय बाजारों में इंडक्शन चूल्हे लगभग गायब हो गए हैं। जिन दुकानों पर ये उपलब्ध भी हैं। वहां इन्हें डेढ़ से दो गुना अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वे जानबूझकर कीमत नहीं बढ़ा रहे हैं। बल्कि उन्हें ही थोक विक्रेताओं से महंगे दाम पर माल मिल रहा है। दुकानदारों के अनुसार जहां से हम लोग सामान मंगवाते हैं, वहां से ही चार-पांच सौ रुपये अधिक कीमत बताई जा रही है। जिसके कारण हमें भी मजबूरी में दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं।
ग्रामवासियों का कहना है कि गैस की नियमित आपूर्ति न होने से रसोई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अभी भी होम डिलीवरी नहीं हो रही है। उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद डीएसी नम्बर मिल जाने के बाद भी गैस लेने के लिये उसके कार्यालय पर पर्ची कटाना भी टेढ़ी खीर हो गया है। पर्ची लेकर गैस लेने के लिये खाली सिलेंडर लेकर कार्यालय तथा गोदाम पर जाना पड़ रहा है। इधर गैस आपूर्ति में कठिनाई होने पर कई परिवारों को लकड़ी या अन्य पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लग रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति सुचारु कराने और बाजार में इंडक्शन चूल्हों की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है।, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
