गोरखपुर
गोरखपुर पुलिस महकमे में हड़कंप, एसएसपी ने कई थानों का किया औचक निरीक्षण
गोरखपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अचानक कई थानों का निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी। एसएसपी ने क्रमशः बांसगांव, उरूवा बाजार (सिकरीगंज) और खजनी थानों का औचक दौरा कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। अचानक हुए इस निरीक्षण से संबंधित थानों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सबसे पहले जनसुनवाई डेस्क और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का तत्काल और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महिला संबंधी मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जांच की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मुकदमों और अपराधियों का डेटा समय से ऑनलाइन अपडेट हो, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। थाना कार्यालय में रखे रजिस्टर, मालखाना अभिलेख और अन्य दस्तावेजों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था, फरियादियों के बैठने की उचित सुविधा और पेयजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
एसएसपी डॉ कौस्तुभ ने कहा कि थाने की छवि जनता के विश्वास से जुड़ी होती है, इसलिए परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है। परिसर में खड़े जब्त वाहनों के रख-रखाव को बेहतर करने और अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वारंटियों की गिरफ्तारी और महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
इस औचक निरीक्षण को पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रियता से साफ संदेश गया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनपद में कानून का राज कायम रखने के लिए सख्त निगरानी जारी रहेगी ।
