गाजीपुर
गेहूं की खेत में भीषण आग, दो किसानों की खड़ी फसल जलकर राख
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। तहसील क्षेत्र के मरवटीयां मकरंद उर्फ करजही मौजा में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात कारणों से खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। इस घटना में मदनपुरा निवासी प्रभुनाथ चौबे (पुत्र विंध्याचल) की लगभग 15 बिस्वा तथा राधेश्याम तिवारी (पुत्र शिवमूरत) की करीब 2 बीघा खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

पीड़ित किसानों ने बताया कि उनकी पूरी मेहनत एक ही झटके में जलकर खत्म हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। साथ ही ग्राम प्रधान जितेन्द्र कुमार समेत अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही कानूनगो नसीमुल्ला, लेखपाल विजय सिंह और विनीत मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित किसानों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया।
