गाजीपुर
गाजीपुर में एक दिन की जिलाधिकारी बनीं गंगा मौर्या, जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं
डीएम अविनाश कुमार बोले— बेटियां बड़े सपने देखें, मिशन शक्ति दे रहा नई उड़ान
गाजीपुर (जयदेश)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0” के द्वितीय चरण के तहत जनपद गाजीपुर में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा गंगा मौर्या को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
कार्यक्रम के तहत गंगा मौर्या ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन में भाग लेते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ को बढ़ावा देना है, ताकि वे भविष्य में शासन-प्रशासन और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा सकें। “एक दिन की जिलाधिकारी” जैसी पहल से छात्राओं में निर्णय लेने की क्षमता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास होता है।
इस मौके पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गंगा मौर्या को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का यह स्वरूप बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का लक्ष्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ सशक्त बनाना है।
अपने अनुभव साझा करते हुए गंगा मौर्या ने कहा कि “एक दिन की जिलाधिकारी” बनना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण रहा। उन्होंने बताया कि इस अनुभव से उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों की गंभीरता का एहसास हुआ और यह समझ मिली कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना कितना महत्वपूर्ण कार्य है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजन आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
