वायरल
गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन ने सैकड़ों परिवारों तक पहुंचाई रमजान राशन सहायता
वाराणसी/चंदौली। पवित्र रमजान माह के अवसर पर दावते-इस्लामी इंडिया की सामाजिक सेवा इकाई ‘गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन’ (GNRF) की ओर से इस वर्ष भी जरूरतमंदों के लिए राशन वितरण अभियान चलाया गया। संस्था ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए चंदौली जिले के मुगलसराय, दुल्हीपुर, पड़ाव, बहादुरपुर और मलोखर क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराई।
संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें विशेष रूप से एसडीजी-2 ‘जीरो हंगर’ और एसडीजी-1 ‘नो पॉवर्टी’ को ध्यान में रखा गया है। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उन्हें भूख और आर्थिक कठिनाइयों से राहत प्रदान करना है।

राशन वितरण अभियान के अंतर्गत सैकड़ों परिवारों को राशन किट प्रदान की गई। प्रत्येक किट में दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री शामिल की गई है, जिनमें चावल, आटा, दालें, चीनी, चाय पत्ती और मसाले के साथ रमजान के लिए विशेष खजूर तथा अन्य खाद्य सामग्री रखी गई है। इन किटों को इस प्रकार तैयार किया गया है कि एक परिवार का पूरे रमजान महीने का भोजन संबंधी खर्च आसानी से चल सके।
इस मौके पर दावते-इस्लामी हिंद के जिला अध्यक्ष डॉ. मुफीद अत्तारी ने कहा कि संस्था मानवता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मौलाना रेहान अशरफ, अनवर अत्तारी, हाफिज रिजवान साहब, शाकिर अत्तारी और इरफान भाई की अहम भूमिका रही। फाउंडेशन ने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की है कि वे आगे आकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता में सहयोग दें, ताकि आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके।
