वाराणसी
किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास, झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार
वाराणसी। जनपद के सारनाथ-पहाड़िया क्षेत्र अंतर्गत पटेल बस्ती में एक क्लीनिक में गत दोपहर में दवा लेने गयी किशोरी के साथ झोलाछाप डॉक्टर ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूट कर भागी शोर मचाने लगी। आवाज सुनते ही आसपास के लोग जुट गए और क्लीनिक को घेर लिया। कथित छोलाछाप डॉक्टर को पकड़ कर मारा-पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पहड़िया पटेल बस्ती में एक अवि आरोग्य क्लीनिक है। यह क्लीनिक झोलाछाप डॉक्टर वैभव उपाध्याय चलाता है। वह मूलरूप से फुलवरिया, थाना बलुआ, चंदौली का रहने वाला है। वर्तमान में वाराणसी के ओम नगर कालोनी, बेनीपुर पहाड़िया में किराए के मकान में रहता है। पहड़िया इलाके की 16 वर्षीय किशोरी दोपहर में अपनी मां के पेट की दर्द का दवा लेने के लिए पटेल बस्ती पहाड़िया के अवि आरोग्य क्लीनिक पर गयी थी।
झोलाछाप डॉक्टर वैभव उपाध्याय क्लीनिक का दरवाजा बंद कर किशोरी को अकेला देखकर अर्धनग्न हो गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। किशोरी शोर मचाते हुए क्लीनिक से निकलकर भागी। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने क्लीनिक को घेर कर डॉक्टर की पिटाई करने लगे।
घटना की सूचना पर मौके पर कार्यवाहक थाना प्रभारी मीनू सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच कर आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया। किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष मीनू सिंह ने बताया कि आरोपी वैभव उपाध्याय ने बीफार्मा किया हुआ है। किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी तथाकथित डॉक्टर वैभव उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
