वाराणसी
काशी विश्वनाथ और संकट मोचन में अभिनेता अनुपम खेर ने टेका माथा
वाराणसी। बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर एक बार फिर वाराणसी पहुंचे। रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने शुक्रवार सुबह काशी में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने संकट मोचन मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
दर्शन के उपरांत अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर काशी प्रवास से जुड़ी तस्वीरें और अनुभव साझा किए। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि सुबह-सुबह संकट मोचन मंदिर में बजरंग बली और काशी विश्वनाथ मंदिर में महादेव के दर्शन का सौभाग्य मिला।

उन्होंने आत्मा से प्रार्थना करने की बात कहते हुए यह भी उल्लेख किया कि यह प्रार्थना उन्होंने स्वयं के लिए ही नहीं, बल्कि सभी के लिए की है। अपने संदेश में उन्होंने काशी के वातावरण को अति भव्य बताते हुए “हर हर महादेव”, “जय बजरंग बली” और “जय सिया राम” के जयघोष के साथ भाव व्यक्त किए।

अनुपम खेर का यह दौरा वाराणसी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करता है। संकट मोचन मंदिर भगवान हनुमान को समर्पित है, जबकि काशी विश्वनाथ मंदिर भगवान शिव का प्रमुख तीर्थ स्थल माना जाता है। इन दोनों स्थलों पर उन्होंने श्रद्धा भाव से दर्शन किए। उनके इस प्रवास ने न केवल उनके प्रशंसकों को प्रेरित किया, बल्कि काशी की धार्मिकता और सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर किया।
बता दें कि, अनुपम खेर इससे पहले भी कई बार वाराणसी आ चुके हैं और बाबा दरबार सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन कर चुके हैं। पूर्व में वे बनारस रेलवे स्टेशन पर मास्क लगाकर भी दिखाई दिए थे, जहां उन्होंने काशी के बदलते स्वरूप को आम लोगों के सामने रखा था। इस दौरान उन्होंने बनारस से खजुराहो की यात्रा ‘वंदे भारत’ से की थी। जब भी वे काशी आते हैं, अपने आध्यात्मिक अनुभवों को साझा करना नहीं भूलते। इसी क्रम में शुक्रवार को भी दर्शन-पूजन के साथ उन्होंने काशी के महत्व और महात्म्य पर एक वीडियो जारी कर सकारात्मक संदेश दिया।
