गाजीपुर
कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, जनहानि टली
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले के बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत बद्दूपुर नहर से करीब 100 मीटर की दूरी पर आजमगढ़-गाजीपुर हाईवे पर गुरुवार को बलेनो कार और पैशन प्रो बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अजीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. राजीव कुमार निवासी गोसाईगंज (जिला फैजाबाद) गाजीपुर स्थित महात्मा गांधी सतीश स्मारक महाविद्यालय में प्राध्यापक हैं। वह अपने परिवार के साथ कार (नंबर UP 42 BL 0263) से गाजीपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार पर “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखा हुआ था।

जैसे ही उनकी कार बद्दूपुर नहर से आगे लगभग 100 मीटर पहुंची, तभी गाजीपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पैशन प्रो बाइक (नंबर UP 65 BQ 9216) ने पिकअप वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सामने से कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के फ्रंट-लेफ्ट साइड में ज्यादा नुकसान हुआ है और वह करीब 20 फीट दूर खाई के किनारे जाकर रुक गई। हादसे में बाइक सवार अजीत शर्मा निवासी ओडराई थाना दुल्लहपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी वाहन से इलाज के लिए मऊ ले गए।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे डॉ. राजीव कुमार, उनकी पत्नी प्रतिभा, ढाई वर्षीय पुत्री रियांश, एक वर्षीय पुत्री चीनू और उनकी माता सुनारी देवी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में डॉ. राजीव कुमार को पैर में हल्की चोट, उनकी बड़ी पुत्री को सिर में चोट तथा उनकी माता को भी हल्की चोटें आई हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
