चन्दौली
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी पर अमर शहीदों को किया गया नमन
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन ऐसी घटना थी, जिससे अंग्रेजी सरकार बुरी तरह हिल गई थी और इसकी गूंज भारत से लेकर इंग्लैंड तक सुनी गई।
उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर ट्रेन एक्शन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 09 अगस्त 1925 को हुई ट्रेन लूट की घटना को काकोरी कांड का नाम दिया गया, जिसे प्रधानमंत्री जी द्वारा क्रांतिकारियों के सम्मान में “कांड” शब्द हटाकर “काकोरी ट्रेन एक्शन” का नाम दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज जो प्रगतिशील और उन्नति की ओर अग्रसर भारत है, वह ऐसे ही नहीं बना है, न जाने कितने क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से इसे सींचा गया है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना एवं उस समय की परिस्थितियों से आम जनमानस को अवगत कराने के लिए कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है।
शहीद रामप्रसाद बिस्मिल, शहीद रोशन सिंह, शहीद राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी, शहीद अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने देश एवं राष्ट्र को प्रथम समझा। हमें भावी पीढ़ी को समझाना चाहिए कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान करें। प्रशासनिक अमला स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को हर संभव मदद करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधि व जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनगण को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को कलाई में स्वदेशी राखी (रक्षाबंधन) बांधकर स्वयं सहायता समूह की बहनों ने उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की। कलेक्ट्रेट सभागार में विधिवत कार्यक्रम शुभारंभ के उपरांत लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संबोधन को देखा व सुना गया।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई.के. राय, उप निदेशक कृषि, पीडी डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, डीसी मनरेगा, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, पर्यटन अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
