सियासत
कांग्रेस की प्लानिंग से चौपट हुई बीजेपी की चौपाल
महाराष्ट्र चुनाव ऐलान से पहले विभिन्न राजनीतिक दल जमकर कर रहे प्रचार-प्रसार
मुंबई। कांग्रेस की अलग-अलग यात्राओं से बीजेपी परेशान हो गई है। बीजेपी का चौपाल चौपट हो गया है और जनता के बीच इस तरह की कोई गतिविधि बीजेपी में नहीं दिखाई दे रही है।
दूसरी ओर, कांग्रेस पूरी तरह से मैदान में उतर गई है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड खुद मुंबई के सभी 36 विधानसभा में पदयात्रा कर रही हैं। जिसमें जनता का सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी के नेता आम आदमी के बीच उतरने की बजाय कार्यालय में बैठकर मीटिंग-मीटिंग खेल रहे हैं । इस बार के चुनाव में जनता किसके साथ है वह तो वक्त ही बताएगा। कांग्रेस की नियति कैसी है यह जनता 70 सालों से जानती है।
वर्सोवा से लेकर कुर्ला चांदिवली में भी यात्रा –
वर्सोवा में मुंबई कांग्रेस महासचिव व उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ के कार्याध्यक्ष अवनीश सिंह ने तिरंगा स्वाभिमान यात्रा का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए देशवासियों को राष्ट्रवाद के प्रति जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी है।
तो वहीं कुर्ला चांदिवली की मुंबई न्याय यात्रा में कांग्रेस नेता नसीम खान के रथ पर उद्धव सेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे दिखाई दिए। आदित्य ठाकरे और कांग्रेस नेताओं को एक साथ दिखाई देने का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। रथ यात्रा में उद्धव सेना के सांसद संजय राउत, कांग्रेस की सांसद वर्षा गायकवाड, चंद्रकांत हंडोरे, विधायक भाई जगताप सहित कांग्रेस के अन्य नेता दिखाई दिए।
