गोरखपुर
करोड़ों की ज़मीन हथियाने की कोशिश नाकाम, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर पुलिस ने जाली दस्तावेज़ों का इस्तेमाल कर करोड़ों की ज़मीन पर कब्ज़ा जमाने की एक बड़ी कोशिश पर समय रहते रोक लगा दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में एम्स थाना क्षेत्र में की गई।
आरोपियों पर गंभीर आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता की ज़मीन के नकली कागज़ तैयार कराए और फर्जी तरीके से बैनामा अपने नाम करवा लिया। प्रकरण की शिकायत मिलते ही जांच शुरू हुई, जिसमें दस्तावेज़ों से जुड़ी भारी अनियमितताएं सामने आईं।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निम्नलिखित दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया जिनमें रीता देवी (पत्नी कुसहर, निवासी डीहघाट बारी टोला, थाना झगहा, जनपद गोरखपुर) और विकास कुमार (पुत्र स्व. झिन्नी राम, निवासी इटोहरा मिश्र, थाना लार बाज़ार, जनपद देवरिया) है। इन पर आरोप है कि इन्होंने धोखे से भूमि पर कब्ज़ा जमाने के उद्देश्य से कूटरचित दस्तावेज़ तैयार कराए।
मामले में मु0अ0सं0 313/2025 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) भारतीय न्याय संहिता (भा.न्या.सं.) के अनुसार मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह संगठित रूप से भूमि ठगी का मामला प्रतीत होता है, और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों के जरिए ज़मीन से जुड़े फर्जीवाड़े में शामिल तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि धोखाधड़ी के अपराधों पर कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
