Connect with us

वाराणसी

कफ सीरप तस्करी केस में सरगना शुभम जायसवाल के पिता की 28 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। दो हजार करोड़ रुपये के कफ सीरप तस्करी प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल के पिता व मोहल्ला कायस्थान प्रह्लादघाट निवासी भोला प्रसाद की 28 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क कर लीं। बीएनएस की धारा 107 के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालक मजिस्ट्रेट (तहसीलदार सदर) संत विजय सिंह की उपस्थिति में पुलिस टीम ने अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई।

इस मामले में औषधि निरीक्षक जुनाब अली ने 15 नवंबर को शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद समेत 28 लोगों के विरुद्ध कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 से अधिक अन्य नामों को शामिल करते हुए अब तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कुर्क की गई संपत्तियों में तुलसीपुर वार्ड भेलूपुर परगना देहात, वाराणसी स्थित 23 करोड़ रुपये मूल्य का व्यवसायिक भवन, वार्ड लल्लापुरा खुर्द स्थित 1.05 करोड़ रुपये का मकान, जगतगंज चेतगंज स्थित 1.98 करोड़ रुपये का मकान, ग्राम भरलाई वार्ड शिवपुर परगना क्षेत्र की 71 लाख रुपये मूल्य की आवासीय कृषक भूमि तथा मढ़ौली सदर, वाराणसी स्थित 1.15 करोड़ रुपये का प्लाट शामिल है।

कार्रवाई में एसीपी विजय प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी दयाशंकर सिंह, दारोगा लवलेश पटेल, दीपक कुमार, धीरज, हेड कांस्टेबल विजय कुमार यादव, जितेंद्र यादव और शिवाजी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

कफ सीरप प्रकरण में अब तक की कार्रवाई के अनुसार 18 अक्टूबर को सोनभद्र पुलिस ने पहली बार कफ सीरप से भरा कंटेनर पकड़ा था। इसके बाद 4 नवंबर को गाजियाबाद पुलिस ने कफ सीरप से लदे ट्रक के साथ आठ लोगों को गिरफ्तार किया। 5 नवंबर को सरगना शुभम जायसवाल के दुबई भागने की सूचना सामने आई। 15 नवंबर को कोतवाली थाने में शुभम, उसके पिता भोला समेत 28 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। 19 नवंबर को रोहनिया क्षेत्र से 500 पेटी कफ सीरप बरामद किया गया। 10 दिसंबर को शुभम की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। 12 दिसंबर को शुभम और उसके साथियों अमित, आकाश व दिवेश के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी हुआ। 24 दिसंबर को भोला प्रसाद की संपत्ति जब्त करने का नोटिस दिया गया। 23 जनवरी को सोनभद्र पुलिस ने शुभम के स्वजन और एक अन्य आरोपित की 25.50 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। 24 जनवरी को रोहनिया वाराणसी पुलिस ने शुभम के परिवार की 30.52 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की। 31 जनवरी को सोनभद्र पुलिस ने शुभम के परिवार की छह करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page