Connect with us

वाराणसी

ककरमत्ता और मंडुवाडीह फ्लाईओवर के लिए जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

Published

on

वाराणसी। शहर के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। ककरमत्ता और मंडुवाडीह फ्लाईओवर निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों फ्लाईओवर परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। इन फ्लाईओवरों के साथ दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, जिससे आमजन को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।

मंडुवाडीह चौराहे पर 342 मीटर लंबा पुल

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, मंडुवाडीह चौराहे पर बनने वाले फ्लाईओवर की लंबाई 342 मीटर होगी। यह फ्लाईओवर चौराहे से करीब 125 मीटर पहले उठेगा और बनारस स्टेशन के मुख्य गेट से पहले समाप्त होगा। इस पुल की अनुमानित लागत 56.73 करोड़ रुपये तय की गई है। इसकी चौड़ाई 10.50 मीटर जबकि दोनों ओर की सर्विस लेन की चौड़ाई 5.5 मीटर होगी। पुल को सहारा देने के लिए कुल 14 पिलर बनाए जाएंगे।

भिखारीपुर तिराहे पर वाई आकार में बनेगा 1075 मीटर लंबा फ्लाईओवर

Advertisement

दूसरी ओर, भिखारीपुर तिराहे पर बनने वाला फ्लाईओवर वाई आकार में होगा, जिसकी कुल लंबाई 1075 मीटर होगी। इसके निर्माण पर 118.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पुल की चौड़ाई भी 10.50 मीटर रखी गई है, जबकि सर्विस लेन की चौड़ाई 5.5 मीटर होगी। इस फ्लाईओवर में कुल 18 पिलर बनाए जाएंगे, जो इसे मजबूती प्रदान करेंगे।

इन दोनों फ्लाईओवरों के बन जाने से शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी और सफर सुगम होगा। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa