गाजीपुर
ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर शुरू हुआ पानी छिड़काव
गाजीपुर। नन्दगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा ओवरब्रिज निर्माण का कार्य पिछले कई महीनों से चल रहा है। पिलर निर्माण और पाइलिंग कार्य के कारण मुख्य मार्ग को वन-वे कर दिया गया था। फलस्वरूप वाहनों के आवागमन तथा मिट्टी कार्य होने से लगातार धूल उड़ रही थी। इस उड़ती धूल से होकर गुजरने वाले राहगीरों के साथ ही आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
धूल की समस्या को लेकर शुक्रवार को जयदेश अखबार सहित विभिन्न समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबरें प्रकाशित होने के बाद ओवरब्रिज की निर्माण एजेंसी हरकत में आई। इसके बाद सेतु निगम के ठेकेदार के कर्मियों द्वारा मंगलवार सुबह निर्माण स्थल वाले मार्ग पर पानी का छिड़काव कराया गया। जिससे धूल में काफी कमी आई और लोगों को राहत महसूस हो रही है।
कस्बा निवासियों ने मांग की है कि जब तक ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रतिदिन निर्माण स्थल व मार्ग पर पानी का नियमित छिड़काव कराया जाए, ताकि लोगों को धूल की समस्या से निरंतर राहत मिल सके।
