वाराणसी
एसएमएस लॉ कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
वाराणसी। एसएमएस लॉ कॉलेज, वाराणसी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से शूलटंकेश्वर पोस्ट–मधोपुर, वाराणसी में विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने विधिक जागरूकता शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एसएमएस लॉ कॉलेज में लीगल एड क्लिनिक की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से विधिक विशेषज्ञों और काउंसलर्स द्वारा आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह लीगल एड क्लिनिक मंगलवार से शुक्रवार तक दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक संचालित होगा।

शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराना तथा न्यायिक व्यवस्था द्वारा प्रदत्त विभिन्न विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों डॉ. आश्रया दुबे, डॉ. उपासना वली, डॉ. संगीता सिंह, अंकित राय, अविनाश रॉय और डॉ. हिमांशु गिरि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

शिविर में उपस्थित छात्रों ने समाज से जुड़े विभिन्न महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रस्तुतियाँ दीं और जनता को निःशुल्क विधिक सहायता के अंतर्गत उपलब्ध अधिकारों एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाना है, जिससे न्याय व्यवस्था एक न्यायपूर्ण एवं समानतामूलक समाज की स्थापना के उद्देश्य को मजबूत करती है।
बी.ए.एलएल.बी. तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर के छात्रों द्वारा दहेज निषेध, दिव्यांग अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं साइबर कानून, पर्यावरण कानून, ट्रैफिक नियम, मानव तस्करी, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपभोक्ता अधिकार जैसे विषयों पर जनजागरूकता संबंधी प्रस्तुतियाँ दी गईं।
