वाराणसी
एमएलसी धर्मेंद्र राय को ‘पत्रकारिता गौरव सम्मान’
वाराणसी। मैथिल समाज की ओर से रविवार को गोलघर, मैदागिन क्षेत्र में स्थित पराड़कर स्मृति भवन में काशी पत्रकार संघ के संस्थापक अध्यक्ष संपादकाचार्य पं. दिनेश दत्त झा की स्मृति में आयोजित सम्मान समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र राय को “संपादकाचार्य पं. दिनेश दत्त झा पत्रकारिता गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मैथिल समाज उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट निरसन कुमार झा ने काशी पत्रकार संघ के महामंत्री अखिलेश मिश्रा, प्रेस क्लब के महामंत्री विनय शंकर सिंह समेत दस पत्रकारों को “सजग प्रहरी सम्मान” से नवाजा। समारोह में नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पं. दिनेश दत्त झा भाषा की शुद्धता के प्रबल समर्थक थे और पत्रकारिता में उनका योगदान अतुलनीय रहा है।
कार्यक्रम का संचालन गौतम कुमार झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुधीर चौधरी ने दिया। समारोह में नंद कुमार सिंह, शिवेंद्र पाठक, मनोज मिश्रा, नटवर झा और बृजेश पांडेय सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
