वाराणसी
एनडीआरएफ जवान को थप्पड़ मारकर गंगा में कूदा युवक
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित राजघाट पुल पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पुल के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़कर हंगामा करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान पहुंच गए और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए आक्रामक व्यवहार शुरू कर दिया। इस दौरान युवक ने एक एनडीआरएफ जवान को कई थप्पड़ मार दिए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के हंगामे से पुल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख एनडीआरएफ टीम लगातार उसे काबू में करने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन युवक ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
युवक के नदी में कूदते ही एनडीआरएफ की टीम तुरंत सक्रिय हुई और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, जिसके चलते उसने इस तरह का कदम उठाया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया गया था। एनडीआरएफ के जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए युवक की जान बचाने में सफलता हासिल की।
