Connect with us

वाराणसी

एक्शन मोड में वाराणसी पुलिस, होटलों और रेस्टोरेंट्स में छापेमारी, अनैतिक गतिविधियों पर कसा शिकंजा

Published

on

वाराणसी में पुलिस की ओर से अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए होटलों और रेस्टोरेंट्स पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर यह छापेमारी अभियान लगातार जारी है, खासकर उन होटलों और रेस्टोरेंट्स पर जिनसे अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिली थीं।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में बढ़ती अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी रोक लगाना है। जानकारी के अनुसार, कई होटलों में बिना पहचान पत्र के एंट्री देने, अविवाहित कपल्स को कुछ घंटों के लिए कमरे देने और स्पेशल लॉजिंग के नाम पर गलत गतिविधियां चलाने की रिपोर्ट मिली थी। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को परेड कोठी और इंग्लिशिया लाइन इलाके के होटलों में छापेमारी की।

डीसीपी गौरव बंशवाल ने कहा, “जो होटल्स बिना पहचान पत्र के प्रवेश की अनुमति दे रहे हैं, अविवाहित कपल्स को कुछ घंटों के लिए कमरे दे रहे हैं या फिर हुक्का बार की आड़ में नशे और आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ होटलों और रेस्टोरेंट्स में हुक्का बार की आड़ में नाबालिग बच्चों को बुलाया जा रहा है और उन्हें नशे की लत लगाई जा रही है। एक गैंगरेप केस के संदर्भ में भी जानकारी मिली कि हुक्का बार और स्टूडेंट्स के बीच संबंधों का भी संभावित लिंक था।

इस कार्रवाई के दौरान एडीसीपी सरवनन टी , एसीपी चेतगंज गौरव कुमार और सिगरा थाना प्रभारी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों को लेकर पुलिस का रुख सख्त रहेगा और हर हाल में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने शहरवासियों से भी अपील की है कि यदि वे किसी होटल या रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियों की जानकारी रखते हैं, तो उन्हें तुरंत पुलिस से साझा करें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में इस तरह की छापेमारी और सख्त निगरानी जारी रहेगी ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page