Connect with us

गाजीपुर

उपद्रवियों को छुड़ाने पहुंचे ‘नेताजी’, पुलिस पर दबाव बेअसर; एआई ऑडियो वायरल कर छवि धूमिल करने का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

भुड़कुड़ा (गाजीपुर) जयदेश। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ उपद्रवी युवकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से नाराज एक स्थानीय छुटभैया नेता ने सोशल मीडिया पर कथित एआई जनरेटेड ऑडियो और भ्रामक पोस्ट वायरल कर पुलिस को बदनाम करने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले शराब के नशे में धुत कुछ युवक राहगीरों के साथ अभद्रता करते हुए हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे चार-पांच युवकों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि हिरासत में लिए गए कुछ युवक पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है।

इसी दौरान इन युवकों को छुड़ाने के उद्देश्य से एक स्थानीय नेता थाने पहुंच गए और अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। बताया जाता है कि उन्होंने कई लोगों को फोन कर भी युवकों को छोड़ने के लिए दबाव बनवाने का प्रयास किया। हालांकि भुड़कुड़ा कोतवाल श्याम जी यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “कानून से ऊपर कोई नहीं है और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

कोतवाल श्याम जी यादव ने साफ कहा कि “दोस्ती मुझसे हो सकती है, लेकिन वर्दी से नहीं। अगर कोई गलत करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।” पुलिस के इस कड़े रुख के चलते किसी प्रकार का दबाव प्रभावी नहीं हुआ और सभी युवकों का विधिक प्रक्रिया के तहत चालान कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज संबंधित नेता ने भुड़कुड़ा पुलिस की छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एआई से तैयार ऑडियो क्लिप और भ्रामक पोस्ट वायरल कर दी। हालांकि क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को सराहनीय बताया और कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे उपद्रवियों पर सख्ती जरूरी है।

Advertisement

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ नेता अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए असामाजिक तत्वों को संरक्षण देते हैं, जिससे समाज में अपराध को बढ़ावा मिलता है। लोगों ने ऐसे नेताओं की कड़ी आलोचना करते हुए कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उधर भुड़कुड़ा पुलिस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, ताकि लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मना सकें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page