सियासत
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सदस्यता का आंकड़ा 50 लाख पार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सदस्यता संख्या का आंकड़ा बुधवार को 50 लाख के पार हो गया। राष्ट्रीय स्तर पर अब तक हुई सदस्यता में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी तकरीबन 24 फीसदी है। हालांकि दिल्ली ने यूपी से अभी और रफ्तार बढ़ाने को कहा है। दो सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सदस्यता लेने के साथ शुरू हुए सदस्यता अभियान में पार्टी देश में अब तक दो करोड़ से अधिक सदस्य बना चुकी है।
बुधवार से भारतीय जनता पार्टी ने सदस्यता को लेकर महाजनसंपर्क सप्ताह भी शुरू कर दिया। यह 17 सितंबर तक चलेगा। सदस्यता अभियान की गत दिवस दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने समीक्षा की थी। महाजनसंपर्क अभियान को शक्ति केंद्र स्तर पर बनाए गए शक्ति केंद्र सहयोगियों की मदद से गति देने की योजना है।
