Connect with us

गाजीपुर

आग से जलकर नवविवाहिता की मौत

Published

on

सास, ससुर, पति, देवर तथा ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

नन्दगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सौरम गांव में सुबह खाना बनाते समय नवविवाहिता गुड़ियां यादव बुरी तरह जल गई, जिसकी जिला अस्पताल गाजीपुर में उपचार के दौरान दोपहर दो बजे मृत्यु हो गई। मृतका के भाई ने थाना में सास, ससुर, पति, देवर तथा ननद के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि उसकी बहन को आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। हम लोगों ने ससुराल वालों को समझाया भी, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। अंत में गुरुवार को गुड़ियां को जला दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सौरम गांव में गुरुवार को सुबह 9 बजे नवविवाहित गुड़ियां यादव (उम्र 23 वर्ष), पत्नी मुकेश यादव, अपने ससुराल में खाना बनाते समय बुरी तरह जल गई। घर के लोग उपचार हेतु उसे गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान दोपहर दो बजे उसकी मौत हो गई। गुड़ियां यादव, नन्दलाल यादव उर्फ नन्दू यादव की पुत्री थी, जिनका मायका सैदपुर थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर में है। पिता नन्दलाल ने अभी एक साल पूर्व, 24 अप्रैल 2024 को गुड़ियां की शादी सौरम गांव में मुकेश यादव के साथ धूमधाम से की थी।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के भाई की तरफ से ससुराल पक्ष के सास, ससुर, पति, देवर तथा ननद के खिलाफ तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पांचों नामजदों के ऊपर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa