पूर्वांचल
आग लगने से नकदी और जेवरात समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख
जौनपुर। जनपद के बड़ौना गांव की एक महिला के घर में आग लगने से नकदी, जेवरात और गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और दमकल विभाग ने मिलकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बड़ौना गांव निवासी सुक्खू की पुत्री फूला देवी अपने मायके में रहती हैं। सोमवार की शाम लगभग सात बजे घर में दीया जलाकर शौच के लिए बाहर गई थीं। इसी दौरान दीया गिरने से अचानक मकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरे मकान को अपने चपेट में ले लिया। ग्राम प्रधान राम प्रकाश ने दमकल विभाग को सूचना दी और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
दमकल विभाग और ग्रामीणों की दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक मकान में रखे तीन हजार रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान जलकर राख हो चुके थे। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
