पूर्वांचल
अस्पताल में वृद्धा की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा
जौनपुर। उमानाथ सिंह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार की रात एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जिसके बाद परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर स्थिति सामान्य किया।
जानकारी के अनुसार, चितरसारी गांव की सुग्गी देवी (70 वर्ष) की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिवारजनों ने उन्हें रात करीब 11:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें महिला वार्ड में भेज दिया।
रात लगभग 12:30 बजे महिला की मौत हो गई जिससे परिजन भड़क उठे और अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई और इस दौरान कई डॉक्टर और स्टाफ वहां से चले गए।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सहयोगी बलों की मदद से स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिवार में महिलाएं भी बड़ी संख्या में दो ट्रैक्टरों में भरकर अस्पताल पहुंची थीं। कोतवाल मिथिलेश मिश्र ने कहा कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और जैसे ही प्रार्थना पत्र मिलेगा उचित कार्रवाई की जाएगी।
