वाराणसी
अस्पतालों और संस्कृत स्कूल में तीन हजार लोगों को मिलेगा निशुल्क भोजन, प्रधानमंत्री करेंगे शुभारंभ
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा निशुल्क भोजन व्यवस्था का सफल ट्रायल शुक्रवार को किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्टूबर को इस नई योजना का उद्घाटन करेंगे। इस व्यवस्था के पहले चरण में तीन हजार लोगों को प्रतिदिन निशुल्क भोजन प्राप्त होगा।शुक्रवार को गोदौलिया स्थित जम्मू कोठी में अन्नक्षेत्र के अंतर्गत सात्विक सनातन रसोई का परीक्षण हुआ।
इस योजना को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास और नाट्यकोटम संस्था के सहयोग से लागू किया जा रहा है। रसोई में उन्नत तकनीक से लैस उपकरण कोविलूर मठ द्वारा विभिन्न निर्माताओं से मंगवाए गए हैं।दैनिक भोजन सामग्री और परिवहन की जिम्मेदारी मंदिर न्यास संभाल रहा है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि संस्कृत विद्यालयों, मरीजों और अस्पतालों में तीमारदारों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जैसा कि मंदिर न्यास के प्रस्ताव में तय किया गया है।
