गोरखपुर
अब दिखेगा काम का असर – नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ का स्पष्ट संदेश
अपराधियों पर सख्ती, फरियादियों को त्वरित राहत का भरोसा
तेज, पारदर्शी और तकनीकी पुलिसिंग पर रहेगा जोर
गोरखपुर। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित मीडिया वार्ता में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अपनी कार्यप्रणाली और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जनपद में पहले से चल रहे अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, साथ ही पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा। शासन और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
एसएसपी ने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर सेवा और समयबद्ध राहत देना उनका मुख्य उद्देश्य है। थाना दिवस और थानों पर आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण अधिकतर थाना स्तर पर और तय समय सीमा के भीतर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अपराधियों के खिलाफ शासन की मंशा के अनुरूप विशेष अभियान चलाए जाएंगे। पुराने और सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर लगातार निगरानी में रखा जाएगा। इसके लिए तकनीकी टीम और इंटेलिजेंस यूनिट को सक्रिय किया जाएगा, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि आने वाले नए आरक्षियों को आधुनिक और बेहतर पुलिसिंग के लिए तैयार कर तैनात किया जाएगा। इससे थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को तेजी से राहत मिल सकेगी।
अंतरजनपदीय सीमाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय बढ़ाकर अपराधियों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। आसपास के जिलों की बेहतर व्यवस्थाओं का लाभ गोरखपुर को भी मिलेगा।
साइबर अपराध को लेकर उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में तुरंत सूचना देना सबसे जरूरी है। जितनी जल्दी पुलिस को जानकारी मिलेगी, उतनी ही जल्दी संबंधित खाते को होल्ड कराकर धनराशि रोकी जा सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में बिना देरी के शिकायत दर्ज कराएं।
शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने बताया कि एसपी ट्रैफिक के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आगे ठोस योजना बनाकर जाम की समस्या से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जल्द ही बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी विशेष तवज्जो नहीं दी जाएगी। सही को सही और गलत को गलत माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और उसी भावना के साथ कार्य किया जाएगा।
अधीनस्थ अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि टीम ऊर्जावान और युवा है। बेहतर समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा। उन्होंने कहा कि जब प्रयास नहीं किया जाता, तभी ग्रे एरिया बनता है।
पशु तस्करी पर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी ने कहा कि इस पर ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे तस्कर लंबे समय तक याद रखेंगे। उन्होंने दोहराया कि उनका विश्वास बोलने से ज्यादा काम करने में है और उनका फोकस केवल परिणामों पर रहेगा।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान बालों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जब कोई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक होता है, तो उसी हिसाब से बाल भी दिखने चाहिए। इस टिप्पणी पर सभागार में ठहाके गूंज उठे।
मीडिया वार्ता के बाद यह साफ हो गया कि नई कप्तानी में अनुशासन, तकनीक, तेज कार्रवाई और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को बेहतर सुरक्षा और सेवा मिल सके।
