शिक्षा
UP College : कक्षा में सीट विवाद पर प्रशासन सख्त, छात्रों को दी गई शिकायत की छूट
वाराणसी। यूपी कॉलेज में कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि आगे की दो बेंच पर केवल हॉस्टल के छात्र ही नहीं बैठेंगे। यदि किसी छात्र को जबरन आगे से हटाकर पीछे बैठाया गया या बैठने से रोका गया तो इसे दुर्व्यवहार माना जाएगा और संबंधित छात्र के खिलाफ एंटी रैगिंग के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
नोटिस के अनुसार, कक्षाओं में आगे की दो बेंच पर बैठने को लेकर किसी भी प्रकार का एकाधिकार स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई छात्र आगे बैठे विद्यार्थी के साथ दुर्व्यवहार करता है, बैठने से मना करता है या केवल हॉस्टल के छात्रों को ही वहां बैठने देता है, तो यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएगा। इस संबंध में प्राचार्य की ओर से छात्रों को आगाह किया गया है कि ऐसी स्थिति में एंटी रैगिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि यदि इस प्रकार की कोई घटना होती है तो कक्षा के सभी छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से उसका विरोध करें। साथ ही, संबंधित विद्यार्थी की मोबाइल से फोटो लेकर कॉलेज प्रशासन को सूचना दें और फोटो के साथ एंटी रैगिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन का कहना है कि कक्षाओं में इस तरह के आचरण पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है और इसमें आम विद्यार्थियों का सहयोग जरूरी है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति या छात्र-छात्रा मारपीट या दुर्व्यवहार जैसी घटनाओं को अंजाम देता है तो तत्काल कॉलेज अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाए। इसके अलावा एंटी रैगिंग टोल फ्री नंबर 18001805522 पर भी शिकायत की जा सकती है। यदि ऐसी कोई घटना होती है तो उसकी जानकारी मुख्य नियंता के मोबाइल नंबर पर देने को भी कहा गया है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, दो साल पहले या उससे पहले इस तरह के झगड़े और दुर्व्यवहार के मामले सामने आते थे। अब अधिकांश हॉस्टल बंद हो चुके हैं और उनका प्रभाव भी कम हो गया है। वर्तमान में ऐसे मामलों में कमी आई है, फिर भी सुरक्षा और एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है, ताकि कक्षाओं में अनुशासन और समानता बनी रहे।
