Connect with us

खेल

RR vs GT : राजस्थान ने रोमांचक मुकाबले में मारी बाजी, गुजरात के हाथ से फिसली जीत

Published

on

Loading...
Loading...

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नौवें मुकाबले में शनिवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में Gujarat Titans और Rajasthan Royals के बीच खेले गए रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 6 रनों से जीत दर्ज की। इस परिणाम के साथ राजस्थान ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की, जबकि गुजरात को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। टीम की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मजबूती से की और पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों पर 31 रन बनाए, जबकि जायसवाल ने 36 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभालते हुए 42 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने दो विकेट लिए, जबकि राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली।

211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत सकारात्मक रही। कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। कुशाग्र 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साई सुदर्शन ने 44 गेंदों में 73 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। रवि बिश्नोई ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन को आउट कर मैच का रुख बदल दिया।

Advertisement

अंतिम ओवर में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया, जब गुजरात को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी। क्रीज पर राशिद खान और कगिसो रबाडा मौजूद थे, लेकिन तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने सटीक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए और राशिद खान का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 204 रन ही बना सकी और 6 रन से मुकाबला हार गई।

इस मैच में गुजरात टाइटन्स की कप्तानी राशिद खान ने संभाली, क्योंकि नियमित कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। उल्लेखनीय है कि आईपीएल इतिहास में गुजरात का पलड़ा राजस्थान पर भारी रहा है, लेकिन इस मुकाबले में राजस्थान ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page