खेल
PBKS vs LSG : पंजाब की धमाकेदार जीत, लखनऊ को 37 रन से हराया
धर्मशाला। आईपीएल 2025 के 54वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 37 रन से हराकर सीजन की सातवीं जीत दर्ज की। प्रभसिमरन सिंह (91) और कप्तान श्रेयस अय्यर (45) की शानदार पारियों के दम पर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 236/5 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 199/7 तक ही पहुंच सकी।

लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, लेकिन पंजाब के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की। हालांकि, प्रियांश आर्या (1) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन और इंग्लिस (30) ने पारी को संभाला। तीसरे विकेट के लिए प्रभसिमरन और अय्यर के बीच 78 रन की तेज साझेदारी हुई। प्रभसिमरन ने 48 गेंदों में 6 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 91 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शशांक सिंह (33*) और स्टोइनिस (15*) ने टीम को 236 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जवाब में लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पावरप्ले में ही मिचेल मार्श (0), एडेन मार्करम (13) और निकोलस पूरन (6) को पवेलियन भेज दिया। ऋषभ पंत (18) और डेविड मिलर (11) भी टिक नहीं सके। हालांकि, आयुष बडोनी (74) और अब्दुल समद (45) ने छठे विकेट के लिए 81 रन जोड़े, लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा था। उमरजई ने दो अहम विकेट झटके, जबकि यानसेन और चहल ने भी सफलता हासिल की।

पंजाब ने इस जीत के साथ अंक तालिका में 15 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, जबकि लखनऊ को छठी हार झेलनी पड़ी और वह सातवें स्थान पर खिसक गया है।
